माध्यमिक विद्यालयों के योग शिक्षकों के प्रशिक्षण शिविर का समापन
ग्वालियर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आईआईटीटीएम परिसर में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों के योग शिक्षकों के प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पा डोढी ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है। प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को योग का प्रशिक्षण देकर स्वस्थ एवं जागरूक पीढ़ी के निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने आईआईटीटीएम परिसर में आयोजित कॉमन योग प्रोटोकॉल अभ्यास का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर जिला योग प्रभारी गोविंद मेहरोत्रा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि नियमित योग शरीर को मजबूत, संतुलित एवं लचीला बनाए रखने में सहायक होता है, जिससे स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था संभव होती है।
कार्यक्रम में सहायक सांख्यिकी अधिकारी अपर्णा कुशवाह ने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित रहकर योग शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
समापन कार्यक्रम में विकासखंड योग प्रभारी राज नारायण शर्मा, राधेश्याम सविता, पूर्णिमा कुशवाहा, प्रीति गुप्ता, मथुरा रावत एवं नीतू तोमर सहित अनेक योग शिक्षक उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान संभव है।
More Stories
भारत विकास परिषद तानसेन शाखा ने शुरू की शीतल जल सेवा, लोहामंडी में प्याऊ का लोकार्पण
छुट्टी के दिन भी एक्शन मोड में डीन, लापरवाही पर डॉक्टर को नोटिस
सड़क हादसे में उजड़े परिवार… अब इलाज के लिए भी तरस रही मासूम ज़िंदगी