घर में अनुपयोगी पड़ी वस्तुओं को फेंकने के बजाय जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल, 3 नवंबर तक चलेगा अभियान
ग्वालियर। दीपावली के पर्व पर पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा ‘स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 21 अक्टूबर से 3 नवंबर तक संचालित इस अभियान के माध्यम से घरों में अनुपयोगी पड़ी वस्तुओं को नया उपयोग दिया जाएगा, ताकि वे कचरे में जाने के बजाय जरूरतमंद लोगों के काम आ सकें।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत नगर निगम की टीमें घर-घर जाकर नागरिकों से अनुपयोगी लेकिन पुनः उपयोग योग्य सामान एकत्रित करने की अपील कर रही हैं। शहरवासी भी इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और अपने घरों की ऐसी वस्तुएं दूसरों के उपयोग के लिए उपलब्ध करा रहे हैं।

फूलबाग स्थित 3R सेंटर पर होगा सामान का रखरखाव
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बताया कि दीपावली के दौरान घरों की साफ-सफाई में बड़ी संख्या में ऐसी वस्तुएं निकलती हैं, जिनका उपयोग थोड़ी मरम्मत या उचित रखरखाव के बाद दोबारा किया जा सकता है। इन्हें फेंकने से कचरे की मात्रा बढ़ती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल (3R) की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत शहर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष संग्रहण वाहन संचालित किए जाएंगे। नागरिक अपने नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय में भी पुनः उपयोग योग्य सामान जमा करा सकते हैं। एकत्रित सामग्री को फूलबाग स्थित 3R सेंटर में लाकर उसकी छंटाई की जाएगी और आवश्यक मरम्मत के बाद दोबारा उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।
मात्र 1 रुपये में मिलेंगी उपयोगी वस्तुएं
दीपावली के बाद अभियान के तहत तैयार की गई वस्तुएं जरूरतमंद नागरिकों को मात्र 1 रुपये प्रति वस्तु की दर से उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इस पहल का लाभ मिल सके, इसके लिए एक व्यक्ति को अधिकतम पांच वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रखी गई है

इस पहल का उद्देश्य उपयोगी वस्तुओं की बर्बादी रोकना, संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करना और जरूरतमंद परिवारों को कम कीमत पर आवश्यक सामान उपलब्ध कराना है।
पुराने कपड़े, किताबें, जूते और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी कर सकते हैं दान
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों की सफाई के दौरान निकलने वाले सामान को कचरे में फेंकने के बजाय अभियान के लिए सुरक्षित रखें। इसमें पुराने कपड़े, किताबें, कागज, प्लास्टिक की उपयोगी सामग्री, गद्दे, जूते और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य पुनः उपयोग योग्य वस्तुएं शामिल हैं। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे सामान साफ-सुथरी और सुरक्षित स्थिति में उपलब्ध कराएं।
पर्यावरण संरक्षण के साथ जरूरतमंदों के घर पहुंचेगी खुशियां
नगर निगम ग्वालियर का मानना है कि वस्तुओं का पुनः उपयोग करने से कचरे की मात्रा कम होगी, प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, एक परिवार के लिए अनुपयोगी हो चुकी वस्तु दूसरे परिवार की जरूरत पूरी कर सकती है।
नगर निगम ने शहरवासियों से ‘स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। इस दीपावली नागरिक अपनी अनुपयोगी वस्तुओं को कचरा बनने से बचाकर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने और स्वच्छ ग्वालियर के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
संदेश: इस दीपावली अनुपयोगी वस्तुओं को कचरा न बनने दें, उनका पुनः उपयोग बढ़ाएं और पर्यावरण संरक्षण के साथ जरूरतमंदों की मदद करें।
More Stories
ग्वालियर में स्वर्णकार समाज के शीर्ष पदाधिकारियों का भव्य स्वागत: समाज की एकजुटता और प्रगति पर हुआ गहरा मंथन
फोन पर बोला- हिंदी के लिए 9 दबाएं, खाते हो गए खाली
अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन ने की ग्वालियर जिला पदाधिकारियों की नियुक्ति