ग्वालियर। साइबर ठग अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ग्वालियर में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने एक व्यक्ति को बैंक का अधिकारी बनकर आईवीआर कॉल किया, जबकि दूसरे को इंस्टाग्राम पर एप डाउनलोड करने का झांसा दिया। दोनों मामलों में पीड़ितों के बैंक खातों से कुल 2 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिए गए।
बैंक अधिकारी बनकर किया कॉल
महलगांव, विश्वविद्यालय निवासी जाकिर हुसैन खान (51) लक्ष्मीगंज मंडी स्थित खादी भंडार में कर्मचारी हैं। 22 जुलाई की सुबह उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर आईडी पर SBI लिखा दिखाई देने के कारण उन्होंने कॉल रिसीव कर लिया। कॉल रिसीव करते ही कंप्यूटराइज्ड आवाज में अंग्रेजी में कहा गया कि हिंदी में सुनने के लिए 9 दबाएं। बैंक का कॉल समझकर जाकिर ने 9 का बटन दबा दिया। इसके बाद फोन पर आवाज आना बंद हो गई और कॉल कट गया। कुछ सेकंड बाद उसी नंबर से कई कॉल आने लगीं। शक होने पर जाकिर ने ऑनलाइन बैंक बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए। खाते से पांच बार में 1 लाख 5 हजार 677 रुपए निकाले जा चुके थे।
इंस्टाग्राम पर एप डाउनलोड करना पड़ा भारी
दूसरा मामला श्रीराम नगर, थाटीपुर निवासी संतोष शर्मा से जुड़ा है। संतोष इंस्टाग्राम चला रहे थे, तभी उन्हें एक एप डाउनलोड करने का विज्ञापन दिखाई दिया। उन्होंने 29 जुलाई की रात एप डाउनलोड कर लिया। अगले दिन उनका मोबाइल संदिग्ध तरीके से काम करने लगा। साइबर ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और उनके बैंक खातों से करीब 1 लाख 25 हजार रुपए निकाल लिए।
ठगी से बचने के लिए ये सावधानियां रखें
अनजान नंबर से आए बैंक संबंधी कॉल पर भरोसा न करें।
किसी भी आईवीआर कॉल पर बिना जानकारी के कोई बटन न दबाएं।
कॉलर आईडी पर SBI या किसी अन्य बैंक का नाम दिखाई देने मात्र से कॉल को असली न मानें।
इंस्टाग्राम, फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया पर दिखने वाले संदिग्ध एप डाउनलोड न करें।
किसी अनजान व्यक्ति को मोबाइल का रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति न दें।
बैंक खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही तुरंत बैंक को सूचित करें और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें।
साइबर अपराध की शिकायत National Cyber Crime Reporting Portal पर भी की जा सकती है।
साइबर ठगों का तरीका बदल रहा है, इसलिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।
More Stories
अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन ने की ग्वालियर जिला पदाधिकारियों की नियुक्ति
सम्मान और विदाई के साथ सेवानिवृत्त हुए डॉ. सर्वेश दीक्षित
36 वर्षों की उल्लेखनीय सेवा के बाद एडीपीसी डॉ. सर्वेश कुमार दीक्षित सेवानिवृत्त, शिक्षा विभाग ने दी भावभीनी विदाई