शोध पत्रों की प्रस्तुति और पुरस्कार वितरण के साथ तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस संपन्न, डॉ. सीमा नायर बनीं एनाटॉमिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष
ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के ओल्ड ऑडिटोरियम में तीन दिनों से आयोजित एनाटॉमिका एमपी-सीजीकॉन 2026 का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में पीजी विद्यार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए, वहीं उत्कृष्ट अकादमिक कार्यों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जयारोग्य अस्पताल समूह के अधीक्षक एवं कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ. सुधीर सक्सेना ने ग्वालियर में जल्द ही एनाटॉमी की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित कराने के प्रयास की बात कही।
शोध और चिकित्सा शिक्षा को मिला प्रोत्साहन
कॉन्फ्रेंस के अंतिम दिन पीजी विद्यार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के शोध कार्यों और प्रस्तुतियों पर चर्चा करते हुए उन्हें अकादमिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. एके दुबे की स्मृति में डॉ. संदीप वाजपेयी और डॉ. अंशु वाजपेयी ने पहली बार पीजी विद्यार्थी को बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि बढ़ाना और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित करना है।
तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस में एनाटॉमी के क्षेत्र में शोध, चिकित्सा शिक्षा और अकादमिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ. सुधीर सक्सेना, सचिव डॉ. अखिलेश त्रिवेदी, सह-सचिव डॉ. मनीष चतुर्वेदी सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे। कॉन्फ्रेंस का आयोजन एनाटॉमिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ चैप्टर के अंतर्गत किया गया।
अगली कॉन्फ्रेंस जबलपुर में, डॉ. सीमा नायर चुनी गईं अध्यक्ष
कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग में अगली एमपी-सीजीकॉन का आयोजन जबलपुर में करने का निर्णय लिया गया। वहीं, सर्वसम्मति से एलएन मेडिकल कॉलेज, भोपाल की डॉ. सीमा नायर को एनाटॉमिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया का अध्यक्ष चुना गया।
ग्वालियर में राष्ट्रीय स्तर की एनाटॉमी कॉन्फ्रेंस आयोजित कराने की पहल से चिकित्सा शिक्षा, शोध और अकादमिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
More Stories
राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का हुआ समापन, लोगों को नेत्रदान के लिए किया प्रेरित
ग्वालियर: स्वच्छ स्कूल प्रतियोगिता में 22 स्कूलों के 44 छात्र शामिल, आज घोषित होंगे विजेता
ईरा वर्ल्ड स्कूल, ग्वालियर में रक्तदान शिविर संपन्न, करीब 50 यूनिट रक्त हुआ एकत्र