ग्वालियर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा, संकल्प पखवाड़े’ के तहत उपनगर ग्वालियर में जनसेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन में उपनगर ग्वालियर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्वालियर में 535 करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन का कायाकल्प
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का कार्य 535 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जा रहा है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 77 करोड़ रुपए की लागत से आईएसबीटी का निर्माण किया गया है।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बढ़ीं सुविधाएं
उपनगर ग्वालियर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि सिविल अस्पताल हजीरा और सिविल अस्पताल एवं प्रसूति गृह बिरला नगर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं शिक्षा के क्षेत्र में सांदीपनि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शिक्षा नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्मार्ट स्कूल जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सड़कों के कायाकल्प पर 1052 करोड़ रुपए खर्च
ऊर्जा मंत्री के अनुसार क्षेत्र में सड़कों के कायाकल्प पर 1052 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि व्यापार और विकास की गति को भी बढ़ाती हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना से 1043 परिवारों का सपना हुआ साकार
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 1043 हितग्राहियों को पक्के आवास का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत 15-ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 52 हजार लाभार्थियों को पांच लाख रुपए तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा वाला आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया गया है।
49 हजार 758 बहनों को मिल रही 1500 रुपए प्रतिमाह की सहायता
लाड़ली बहना योजना के तहत क्षेत्र की 49 हजार 758 महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री वृद्धावस्था, कल्याणी एवं अन्य पेंशन योजनाओं के तहत 21 हजार 506 हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।
2 लाख 33 हजार से ज्यादा लोगों को मिल रहा नि:शुल्क राशन
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 15-ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के 57 हजार 197 परिवारों के 2 लाख 33 हजार 307 सदस्यों को प्रतिमाह नि:शुल्क राशन मिलने की जानकारी दी गई।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि “यह केवल विकास के आंकड़े नहीं हैं, बल्कि यह उस बदलाव की तस्वीर हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक के जीवन में दिखाई दे रहा है।” उन्होंने इसे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से जोड़ते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
More Stories
म्यांमार में ग्वालियर की प्रांजुल सिंह चौहान का जलवा, जीते दो अंतरराष्ट्रीय खिताब
एलपीजी से 20% सस्ती — अब ग्वालियर में PNG गैस का बढ़ता नेटवर्क!
मोटा अनाज वैश्विक स्तर पर बना भारत की पहचान – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी