August 2, 2026

भारत विकास परिषद तानसेन शाखा ने शुरू की शीतल जल सेवा, लोहामंडी में प्याऊ का लोकार्पण

ग्वालियर। भीषण गर्मी में राहगीरों एवं आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद तानसेन शाखा द्वारा लोहामंडी स्थित जैन मंदिर के समीप स्थापित शीतल जल प्याऊ का लोकार्पण मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में तानसेन शाखा के अध्यक्ष रामरतन गर्ग ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया। इस सेवा परियोजना को साकार करने में शाखा की वरिष्ठ सदस्या साधना मिश्रा, प्रीति अग्रवाल एवं ज्योति पाण्डेय का विशेष योगदान रहा।

शाखा सचिव पूनम पाण्डेय ने कार्यक्रम के अंत में ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति ने इस जनहितकारी पहल को और अधिक प्रेरणादायक बनाया है।

इस अवसर पर शाखा के कोषाध्यक्ष रामकिशन गुप्ता, संरक्षक एस.के. सिंघी सहित परिषद के क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, सदस्यगण एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भारत विकास परिषद तानसेन शाखा द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

भारत विकास परिषद तानसेन शाखा का यह प्रयास गर्मी के मौसम में आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को भी सशक्त करेगा।