January 14, 2026

महाराजा मानसिंह महाविद्यालय में मनाया सशस्त्र सेना झंडा दिवस

ग्वालियर। महाराजा मानसिंह महाविद्यालय में रविवार को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया। एनसीसी यूनिट ने झंडों के इतिहास, महत्व पर संगोष्ठी आयोजित की। एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. समीर भार्गव ने कहा, युद्ध के समय हुई जनहानि में सहयोग, सेना में कार्यरत कर्मियों और उनके परिवार के कल्याण के लिए धनसंग्रह किया जाता है। सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवार के कल्याण के लिए इसका उपयोग किया जाता है। इस दिवस पर धन संग्रह सशस्त्र सेना के प्रतीक चिन्ह झंडे को बांटकर किया जाता है। इस झंडे में तीन रंग लाल, गहरा नीला और हल्का नीला होता है। यह तीनों रंग सेनाओं को प्रदर्शित करते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीताराम सिंह तोमर व 8 मप्र बटालियन के बीएचएम ने भी कैडेटों को संबोधित किया। अंत में कैप्टन डॉ. समीर भार्गव ने सभी कैडेटों को देश की एकता और अखंडता के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम में 80 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

जागरूकता रैली भी निकाली

इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली भी निकाली। रैली के दौरान कैडेटों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को सशस्त्र बलों के योगदान तथा बलिदान के प्रति जागरूक किया। डॉ. समीर भार्गव ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य आम जनता से सशस्त्र बलों के कल्याण कोष में अधिक से अधिक धनराशि जमा करने की अपील की।