भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें संस्करण का रविवार की सुबह आकाशवाणी से प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन्दौर प्रवास के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और देश को एकजुटता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में उपजे हालातों के संदर्भ में कहा कि हमें एकजुट होकर हर चुनौती से बाहर निकलना है] जो भी लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है, इसमें राजनीति का कोई स्थान नहीं है। ऐसे में जो भी लोग तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं, वे देश का बहुत बड़ा नुकसान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सभी देशवासियों से अपील की कि सभी जागरूक रहें, किसी भी तरह की अफवाहों और किसी के भी बहकावे में न आएं। सरकार की तरफ से जो निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस तरह हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने सभी संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे।
कार्यक्रम श्रवण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री श्री मोदी की ‘देश से अपनी बात’ कर सबसे जुड़े रहने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, लोकसभा सांसद श्री शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुश्री उषा ठाकुर, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक श्री मधु वर्मा, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, जिलाध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।
More Stories
सेवा, संकल्प पखवाड़े में जनसेवा के कार्य जारी, ऊर्जा मंत्री तोमर बोले- यह केवल विकास के आंकड़े नहीं, बदलाव की तस्वीर है
म्यांमार में ग्वालियर की प्रांजुल सिंह चौहान का जलवा, जीते दो अंतरराष्ट्रीय खिताब
एलपीजी से 20% सस्ती — अब ग्वालियर में PNG गैस का बढ़ता नेटवर्क!