September 3, 2026

ग्वालियर: गोपाल मंदिर में आज बेशकीमती जेवरातों से सजेगा राधा-कृष्ण का दरबार

ग्वालियर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ग्वालियर के फूलबाग स्थित ऐतिहासिक गोपाल मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण का भव्य और पारंपरिक श्रृंगार किया जाएगा। नगर निगम ग्वालियर द्वारा 4 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे से जन्माष्टमी महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।

कड़े पहरे में बैंक लॉकर से निकलेंगे प्राचीन आभूषण

निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने बताया कि वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार, हर साल जन्माष्टमी पर भगवान श्री राधा-कृष्ण को उनके रियासतकालीन बेशकीमती आभूषणों से सुसज्जित किया जाता है।

भारी पुलिस सुरक्षा के बीच बैंक लॉकर से भगवान के प्राचीन सोने-हीरे के आभूषण, चांदी के बर्तन और सजावट की विशेष सामग्री मंदिर लाई जाएगी।

आभूषणों व पूजा पात्रों की विशेष सफाई के बाद भगवान का अलौकिक श्रृंगार संपन्न होगा।

भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं

LED स्क्रीन्स से सुलभ दर्शन: मंदिर परिसर और कतार में खड़े श्रद्धालुओं को भगवान के अलौकिक रूप के आसानी से दर्शन हो सकें, इसके लिए परिसर में जगह-जगह बड़ी LED स्क्रीन्स लगाई गई हैं।

स्वच्छता पर विशेष जोर: पूरे मंदिर परिसर की गहन साफ-सफाई पूर्ण कर ली गई है। स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाए गए हैं।

अधिकारियों को निर्देश: निगमायुक्त ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, कतार प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं।