ग्वालियर। वार्ड क्रमांक 59 स्थित कोटी गांव के श्मशान घाट की भूमि पर कथित भूमाफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे के विरोध में आम आदमी पार्टी ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर ने कहा कि श्मशान घाट की भूमि क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, जहां अंतिम संस्कार सहित अन्य सामाजिक कार्य संपन्न होते हैं। भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।

ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट की भूमि की तत्काल जांच कर अवैध कब्जा हटाया जाए, दोषी भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए भूमि को सुरक्षित एवं संरक्षित घोषित किया जाए। साथ ही लंबे समय से लंबित श्मशान घाट निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की भी मांग की गई।
जिला अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष यूथ विंग विक्रम लोधी, प्रदेश सचिव मोहन पाल, प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुशवाह, जितेंद्र जैन, संजय देहलवार, महिला विंग जिला अध्यक्ष ममता राठौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
More Stories
ग्वालियर नगर निगम के बेड़े में शामिल हुईं नई स्काई लिफ्ट और रोड रोलर मशीनें
गर्मी में जल संरक्षण के लिए सख्ती: निगम ने अवैध वाहन धुलाई सेंटर कराए बंद
ग्वालियर: पार्क विभाग की लापरवाही पर निगमायुक्त का सख्त एक्शन, 9 कर्मचारियों का वेतन रोका