May 21, 2026

ग्वालियर की बेटी नंदिता शर्मा ने रचा इतिहास, भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में हुआ चयन

ग्वालियर। ग्वालियर की प्रतिभावान खिलाड़ी नंदिता शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से शहर और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। नंदिता का चयन भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में हुआ है और वह मध्य प्रदेश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में अपनी जगह बनाई है। नंदिता अब नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली “प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैंपियनशिप 2026” में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 20 मई से 22 मई तक आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत के अलावा पाकिस्तान, भूटान और मेजबान नेपाल की टीमें हिस्सा लेंगी।

दर्पण हॉकी फीडर सेंटर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

नंदिता की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण की कहानी है। वह ग्वालियर के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की नियमित खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने एनआईएस हॉकी कोच एवं मध्य प्रदेश एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन के सचिव अविनाश भटनागर के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीखीं और लगातार मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।

कोच अविनाश भटनागर ने नंदिता की उपलब्धि को मध्य प्रदेश के खेल इतिहास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नंदिता अपनी प्रतिभा, तकनीक और आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को नई पहचान दिलाने में सफल होंगी।

नंदिता के चयन से ग्वालियर सहित पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।