ग्वालियर। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ग्वालियर प्रवास के दौरान मुरार सर्किट हाउस में जल संसाधन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं और परियोजनाओं का क्रियान्वयन तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों तक समय पर पर्याप्त सिंचाई जल पहुंचाना है, इसलिए किसी भी परियोजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मंत्री सिलावट ने विभाग की लघु, मध्यम एवं वृहद सिंचाई परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और हर माह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी परियोजना में देरी या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित निर्माण एजेंसी के साथ विभागीय अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
“जल गंगा संवर्धन अभियान” को जनआंदोलन बनाने के निर्देश
मंत्री श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता वाले “जल गंगा संवर्धन अभियान” को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलेभर में विभागीय जलाशयों और नहरों की साफ-सफाई का कार्य अभियान स्तर पर किया जाए, ताकि बरसात से पहले जल संरचनाएं बेहतर स्थिति में रहें।
इसके साथ ही उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। मंत्री ने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के इन प्रयासों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सके।
किसानों के हित सर्वोपरि
समीक्षा बैठक में मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जल संसाधन विभाग की योजनाओं का सीधा संबंध किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से है। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि हर परियोजना का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचे।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने संचालित परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मंत्री को प्रस्तुत की।
More Stories
ग्वालियर में यति नरसिंहानंद का दौरा: गोडसे प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
किसान कल्याण वर्ष 2026: ग्वालियर में उत्कृष्ट किसानों का सम्मान
किसान सेवा सप्ताह के तहत भाजपा किसान मोर्चा ने लगाया प्याऊ