May 21, 2026

ग्वालियर नगर निगम के बेड़े में शामिल हुईं नई स्काई लिफ्ट और रोड रोलर मशीनें

ग्वालियर। शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को और अधिक सुदृण बनाने तथा सड़क निर्माण एवं पेंच रिपेयरिंग कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चार नई स्काई लिफ्ट एवं दो रोड रोलर खरीदे गए हैं। महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने बुधवार को इन वाहनों का पूजन कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नोडल अधिकारी कार्यशाला पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि विद्युत विभाग को ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइटों के संधारण में पर्याप्त संसाधनों के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लगभग 1 करोड़ 1 लाख 32 हजार रुपये की लागत से 11 मीटर ऊंचाई वाली चार स्काई लिफ्ट खरीदी गई हैं।

 

इसके साथ ही शहर में सड़क निर्माण एवं पेंच रिपेयरिंग कार्यों को अधिक तेज और सुगम बनाने के लिए लगभग 60 लाख रुपये की लागत से एक बड़ा और एक छोटा रोड रोलर भी खरीदा गया है।

नगर निगम का कहना है कि इन नए संसाधनों के शामिल होने से शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के संधारण कार्यों में तेजी आएगी और सड़क मरम्मत कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।