May 21, 2026

ग्वालियर में नशामुक्ति केन्द्र में फिर मौत, रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी ने की आत्महत्या

ग्वालियर। शहर में संचालित नशामुक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित सागरताल के एक नशामुक्ति केन्द्र में भर्ती झांसी निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार मृतक राजकुमार को 14 मई को निदान नशामुक्ति केन्द्र में भर्ती कराया गया था। 20 मई को उन्होंने केन्द्र के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नशामुक्ति केन्द्र का संचालक उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुँचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि इसी नशामुक्ति केन्द्र में पूर्व में भी एक युवक की मौत हो चुकी है। आरोप है कि विवादों के बाद केन्द्र का नाम बदलकर दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

बिना अनुमति चल रहे कई नशामुक्ति केन्द्र

शहर में कई नशामुक्ति केन्द्र बिना तय गाइडलाइन और आवश्यक अनुमति के संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासनिक निगरानी और सख्ती के अभाव में इन केन्द्रों की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई केन्द्रों में सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन तक नहीं किया जाता।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में अवैध और नियमविरुद्ध संचालित नशामुक्ति केन्द्रों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।