ग्वालियर। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था फूड फॉर नीडी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 210 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। उल्लेखनीय है कि इस शिविर में 50 रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान किया, जो समाज में बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
संस्था के सदस्य प्रवीण भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में मातृ शक्ति की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही और बड़ी संख्या में महिलाओं ने आगे बढ़कर रक्तदान किया।

उन्होंने बताया कि इस रक्तदान शिविर से प्राप्त रक्त का उपयोग विशेष रूप से थैलेसीमिया एवं कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए किया जाता है, जिनके परिजन समय पर रक्त की व्यवस्था करने में असमर्थ होते हैं। ऐसे मरीजों के लिए यह रक्तदान शिविर जीवनदायिनी सहायता सिद्ध होता है।
रक्तदान के साथ-साथ शिविर के दौरान संस्था द्वारा सामाजिक सहयोग का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शहर की दो सामाजिक संस्थाओं को सहयोग राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर स्वर्ग सदन को ₹5 लाख एवं लावारिस पशुओं की सेवा में कार्यरत संस्था “हम हैं ना” को ₹50,000 की सहयोग राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
More Stories
ईरा वर्ल्ड स्कूल, ग्वालियर में रक्तदान शिविर संपन्न, करीब 50 यूनिट रक्त हुआ एकत्र
माधव विधि महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम
जयप्रकाश सोनी बने स्वर्णकार समाज एवं ज्वैलर्स एसोसिएशन के ग्वालियर जिला अध्यक्ष, समाज में हर्ष की लहर