July 12, 2026

ईरा वर्ल्ड स्कूल, ग्वालियर में रक्तदान शिविर संपन्न, करीब 50 यूनिट रक्त हुआ एकत्र

ग्वालियर। भिंड रोड स्थित ईरा वर्ल्ड स्कूल एवं ईरा सेवा समिति द्वारा मध्यप्रदेश रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से शनिवार को विद्यालय परिसर (एयरपोर्ट रोड, महाराजपुरा) में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में समाजसेवा और मानवता का संदेश देते हुए करीब 50 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

आयोजकों ने बताया कि ईरा वर्ल्ड स्कूल एवं ईरा सेवा समिति वर्ष 2006 से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी उद्देश्य के तहत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, ताकि लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके और अधिक से अधिक लोगों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित किया जा सके।

विद्यालय के डायरेक्टर उदयवीर सिंह एवं प्राचार्या रूपाली त्रिपाठी ने बताया कि कई बार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार समय पर रक्त की व्यवस्था नहीं कर पाते, जिससे मरीजों का जीवन संकट में पड़ जाता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

शिविर में रामेन्द्र सिंह घुरैया (राष्ट्रीय सचिव, सेवा भारती एवं महासचिव, मध्यप्रदेश रेड क्रॉस सोसायटी) मुख्य अतिथि तथा जय प्रकाश राजौरिया (जिला अध्यक्ष, भाजपा ग्वालियर) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्राचार्या रूपाली त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय का प्रयास विशेष रूप से दुर्लभ रक्त समूहों के रक्तदाताओं को भी प्रेरित करने का है, ताकि रेड क्रॉस के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर इस प्रमाण-पत्र के माध्यम से रेड क्रॉस सोसायटी से जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिल सकती है। रक्तदाताओं ने भी रक्तदान के बाद आत्मिक संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा कि उनका रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहायक बनेगा।