July 2, 2026

36 वर्षों की उल्लेखनीय सेवा के बाद एडीपीसी डॉ. सर्वेश कुमार दीक्षित सेवानिवृत्त, शिक्षा विभाग ने दी भावभीनी विदाई

ग्वालियर। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, ग्वालियर में आज एडीपीसी डॉ. सर्वेश कुमार दीक्षित के अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उत्कृष्ट कार्यों, सरल व्यक्तित्व और समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

डॉ. सर्वेश कुमार दीक्षित ने वर्ष 1990 में शिक्षा विभाग में व्याख्याता के रूप में अपनी सेवाओं की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने प्राचार्य हाई स्कूल एवं प्राचार्य हायर सेकेंडरी के रूप में सफलतापूर्वक कार्य किया। पिछले लगभग तीन वर्षों से वे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, ग्वालियर में एडीपीसी के रूप में पदस्थ रहे।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान की विभिन्न योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया, जिससे जिला ग्वालियर का प्रदर्शन प्रदेश स्तर पर सराहनीय रहा। उनकी कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता और सौम्य व्यवहार शिक्षा विभाग में हमेशा प्रशंसा का विषय रहे।

डॉ. दीक्षित राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर भी रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2017 में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत पीएचडी भी की, जिसका लाभ शिक्षा विभाग को विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में मिला।

विदाई समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती पुष्पा ढोड़ी सहित अपर्णा कुशवाहा, अरविंद तोमर, जे.पी. व्यास, शशांक भार्गव, हरि प्रजापति, स्टेनो मनीष श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, पूरन गुप्ता, मनीष मिश्रा, विवेक मिश्रा, राजीव सिंह, गोकुल शर्मा एवं कार्यालय के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने डॉ. दीक्षित को शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।