June 14, 2026

हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा शासन की योजनाओं का लाभ : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

 

कांचमिल जनकल्याण शिविर में 1150 से अधिक नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के कांचमिल सामुदायिक भवन में आयोजित जनकल्याण शिविर में 1150 से अधिक नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

शिविर में मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ उपलब्ध कराया।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन-प्रशासन पात्र हितग्राहियों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसका जीवन स्तर बेहतर बने।

के

सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। ग्वालियर में आधुनिक हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, एलीवेटेड रोड, आगरा-ग्वालियर सुपर कॉरिडोर सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे शहर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं का लाभ देने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।

प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

1150 से अधिक हितग्राहियों को मिला लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 1150 से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें पेंशन योजना के 400, सम्बल योजना के 40, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 21, मातृ वंदना योजना के 9, पीएम स्वनिधि योजना के 90, जन्म प्रमाण पत्र के 90, मृत्यु प्रमाण पत्र के 49, महिला कामकाजी योजना के 100, विद्युत विभाग के 100 तथा अन्य विभागों के 200 हितग्राही शामिल रहे।

योजनाओं की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

शिविर स्थल पर जनसंपर्क विभाग द्वारा केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, जीडीए उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे, प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाया।