June 20, 2026

नीट परीक्षा 2026: कलेक्टर और एसएसपी ने लिया सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा

ग्वालियर। ग्वालियर में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस मुस्तैद है।

गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी श्री विनोद सिंह भी मौजूद रहे।

कड़ी सुरक्षा के बीच पहुँचेंगे प्रश्न-पत्र

इस बार परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं:

सुरक्षित परिवहन: बैंकों से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र के बॉक्स सरकारी वाहनों में ले जाए जाएंगे।

कड़ा पहरा: इन वाहनों में सीआरपीएफ (CRPF), पुलिस बल, परीक्षा समन्वयक (CS) और संबंधित अधिकारी तैनात रहेंगे।

डिजिटल निगरानी: प्रश्न-पत्र बॉक्स के परिवहन की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।

परीक्षा का समय और एंट्री टाइमिंग

अभ्यर्थी समय का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि तय समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा की तारीख: 21 जून 2026 (रविवार)

परीक्षा का समय: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक

एंट्री का समय: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक

गेट बंद होने का समय: दोपहर 1:30 बजे (इसके बाद प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा)

क्या ले जा सकते हैं और क्या है प्रतिबंधित?

परीक्षा केंद्र के भीतर अव्यवस्था और गड़बड़ी रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

प्रतिबंधित वस्तुएं

मोबाइल फोन, बैग, स्मार्ट वॉच या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस।

यह नियम परीक्षार्थियों के साथ-साथ इनविजलेटर (पर्यवेक्षकों) और अन्य स्टाफ पर भी लागू होगा।

ले जाने योग्य जरूरी दस्तावेज व वस्तुएं

एडमिट कार्ड , एडमिट कार्ड में उल्लेखित वैध आईडी कार्ड आदि

पासपोर्ट साइज के दो और पोस्टकार्ड साइज का एक फोटो।

केवल एक पारदर्शी (Transparent) पानी की बोतल।

सघन जांच और बायोमैट्रिक हाजिरी

कलेक्टर रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ तैनात रहे ताकि परीक्षार्थियों को असुविधा न हो। अलग-अलग फ्रिस्किंग: महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच (फ्रिस्किंग) के लिए अलग-अलग बंद बूथ और व्यवस्थाएं रहेंगी। बायोमैट्रिक अटेंडेंस: सघन सुरक्षा जांच से गुजरने के बाद ही सभी परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

ट्रैफिक मैनेजमेंट: एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के साथ-साथ सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षार्थियों के लिए सलाह: अंतिम समय की हड़बड़ी और ट्रैफिक से बचने के लिए परीक्षा केंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच अनिवार्य रूप से पहुँच जाएं।