ग्वालियर। शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 15 जून से ग्वालियर के नवनिर्मित अंतर्राज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) से मुरैना एवं भिण्ड के लिए भी बसों का संचालन किया जाएगा।कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में बस ऑपरेटर्स यूनियन सहित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में यह भी सहमति बनी कि शहर से संचालित सभी वीडियोकोच बसों का संचालन भी चरणबद्ध तरीके से आईएसबीटी से किया जाएगा।

निर्णय के अनुसार मुरैना एवं भिण्ड जाने वाली बसें पुराने बस स्टैंड से चलकर आईएसबीटी पहुंचेंगी और वहां से यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी। सभी बसों का आईएसबीटी पहुंचना अनिवार्य रहेगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने बस स्टैंड से आईएसबीटी तक आवागमन के लिए ऑटो एवं अन्य सवारी वाहनों की दरें भी निर्धारित की जाएंगी। साथ ही स्मार्ट सिटी की ‘द सूत्र बस सेवा’ का संचालन भी आईएसबीटी से किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आधुनिक आईएसबीटी का व्यवस्थित संचालन शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक है और इसमें सभी बस संचालकों एवं नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि शहर के मध्य स्थित पुराने बस स्टैंड के कारण यातायात दबाव बढ़ता है। नए बस स्टैंड का बेहतर उपयोग होने से यात्रियों को सुविधाएं मिलेंगी और शहर में यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
यह निर्णय ग्वालियर में आधुनिक और सुव्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
More Stories
“मोबाइल की लत छूटी, पोषण और प्यार से खिल उठा साहिल का बचपन”
गंगा दशहरा पर श्रमदान की मिसाल, मेहराब साहब की तलैया में दिखी जनभागीदारी की ताकत
कोटी गांव श्मशान घाट की भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में आम आदमी पार्टी ने सौंपा ज्ञापन