ग्वालियर। युवाओं में नेतृत्व, नवाचार और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र से पधारे पूर्णवाद युवा फोरम एवं पूर्णकन्या प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में त्रि-दिवसीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन 1 मार्च से 3 मार्च 2026 तक ग्वालियर में आयोजित होगा।
उद्घाटन समारोह 1 मार्च को
सम्मेलन का शुभारंभ 1 मार्च 2026 (रविवार) प्रातः 11 बजे होगा। इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रतिष्ठित “युवक क्रांतिवीर पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
एआई और डिज़ाइन इनोवेशन पर विशेष परिचर्चा
सम्मेलन के प्रथम दिवस के दोपहर सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिज़ाइन इनोवेशन विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित होगी। इसमें माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, ग्वालियर के विशेषज्ञों सहित विभिन्न वक्ता युवाओं को नवीन तकनीकी संभावनाओं से अवगत कराएंगे।

“ग्वालियर घराने का सांगीतिक वैभव”
पहले दिन सायं 6 बजे सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत “ग्वालियर घराने का सांगीतिक वैभव” कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के छात्र अपनी मनमोहक प्रस्तुतियाँ देंगे।
सम्मेलन के सभी कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में सम्पन्न होंगे।
2 मार्च: शहर भ्रमण और आशीर्वचन
द्वितीय दिवस 2 मार्च को देशभर से आए लगभग 500 युवा-युवतियों को ग्वालियर का विशेष शहर भ्रमण कराया जाएगा। सायंकाल पूर्णवाद युवा फोरम एवं पूर्णकन्या प्रतिष्ठान के संस्थापक परम पूज्य डॉ. विष्णु महाराज पारनेकर के आशीर्वचन का कार्यक्रम आयोजित होगा, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
3 मार्च: मार्गदर्शन के साथ समापन
सम्मेलन का समापन 3 मार्च को प्रातः आयोजित पूर्णवाद भ्रमण एवं मार्गदर्शन सत्र के साथ होगा, जिसमें प्रतिभागियों को भविष्य उन्मुख दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु दोनों संस्थाओं की टीम व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है। ग्वालियर एवं आसपास के युवाओं से इस प्रेरणादायी सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
More Stories
केंद्रीय बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को करता है सशक्त – सिलावट
“डॉक्टर इस धरती के ईश्वर, कोरोना काल में मानवता की रक्षा की” — राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल
पालतू पशुओं का पंजीयन चिड़ियाघर परिसर में प्रारंभ, पशु पालक शीघ्र कराएं पंजीयन