February 6, 2026

नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: संपत्तिकर शिविरों से एक दिन में ₹1 करोड़ राजस्व

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों एवं बस्तियों में विशेष संपत्तिकर संग्रहण शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें उन संपत्तियों पर भी कर वसूली की गई जिनके पास पंजीयन (रजिस्ट्री) नहीं है, किंतु नोटरी दस्तावेज एवं वैधानिक कब्जा विद्यमान है।

इन शिविरों में नागरिकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि ऐसी संपत्तियों पर भी संपत्तिकर जमा किया जा सकता है। आज के विभिन्न शिविरों में नागरिकों द्वारा कुल लगभग एक करोड़ रुपये की राशि संपत्तिकर के रूप में जमा की गई।

नगर निगम द्वारा गेटेड कॉलोनियों में भी बड़े पैमाने पर विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें सन बेली अपार्टमेंट, गुलमोहर सिटी इत्यादि सम्मिलित हैं। इन स्थानों पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर अपने देय संपत्तिकर का भुगतान किया।

नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशानुसार चारों विधानसभा क्षेत्रों अंतर्गत शिविरों का संचालन एवं नेतृत्व अपर आयुक्त श्री मुनीश सिकरवार, उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, श्री मुकेश बंसल एवं अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। अपर आयुक्त श्री मुनीश सिकरवार ने बताया कि किया कि नोटरी आधारित संपत्तियों के संबंध में नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई है। आगामी एक-दो दिवसों में उक्त स्थानों पर पुनः शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अपूर्ण दस्तावेजों को पूर्ण कर नवीन संपत्ति पहचान संख्या (आईडी) जारी की जा सके।

वार्ड क्रमांक 18 में सहायक संपत्तिकर अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान, टीसी श्री राघवेंद्र सिंह भदौरिया, श्री तोताराम कुशवाहा एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों द्वारा रु. 62,97,739 की राशि की रसीदें जारी की गईं।

नगर निगम ग्वालियर द्वारा यह अभियान राजस्व संवर्धन, संपत्ति कर प्रक्रिया को सरल बनाने एवं नागरिक सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों से अपील की जाती है कि वे शेष शिविरों का लाभ उठाएं तथा समय पर संपत्तिकर जमा कर शहर के समग्र विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।