February 6, 2026

अवैध रेत परिवहन के खिलाफ रात में छापामार कार्रवाई, बेहट रोड से डंपर जब्त

ग्वालियर। जिले में रेत एवं अन्य खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा दिन के साथ-साथ रात्रिकाल में भी अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा रही है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर शुक्रवार रात संयुक्त टीम द्वारा बेहट रोड क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई एसडीएम मुरार श्री नरेश चंद गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
अभियान के दौरान डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य लोडिंग वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त एक डंपर को पकड़ा गया। डंपर को विधिवत जब्त कर संबंधित पुलिस थाने की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।


प्रकरण में खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दिन के साथ-साथ रात्रिकाल में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।