February 6, 2026

ग्वालियर में जियो साइंस म्यूजियम का प्रथम स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न 


ग्वालियर।भूविज्ञान के क्षेत्र में 175 वर्षों से अधिक की गौरवशाली विरासत रखने वाला भारतीय भूविज्ञान सर्वेक्षण (GSI) द्वारा स्थापित जियो साइंस म्यूजियम, ग्वालियर का प्रथम स्थापना दिवस 15 दिसंबर 2025 को ऐतिहासिक महाराज बाड़ा क्षेत्र में भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

यह अत्याधुनिक जियो साइंस म्यूजियम, जिसका उद्घाटन 15 दिसंबर 2024 को तत्कालीन उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ द्वारा किया गया था, अल्प समय में ही विज्ञान प्रेमियों, छात्रों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम ग्वालियर के आयुक्त श्री संघप्रिय (भा.प्र.से.) रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. एस. एन. महापात्रा, विभागाध्यक्ष, जीवाजी विश्वविद्यालय तथा डॉ. सुषमा कुमार, विभागाध्यक्ष, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, ग्वालियर शामिल रहे। सभी अतिथियों का स्वागत श्री प्रकाश कुमार श्रीवास्तव, उप महानिदेशक, राज्य इकाई, GSI, भोपाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि जियो साइंस म्यूजियम को दो प्रमुख गैलरियों में विभाजित किया गया है, जहाँ पृथ्वी की उत्पत्ति, भूवैज्ञानिक प्रक्रियाएँ तथा आदिम जीवन से मानव विकास तक की यात्रा को रोचक एवं शैक्षणिक रूप में प्रदर्शित किया गया है।

पिछले एक वर्ष में लाखों आगंतुकों ने म्यूजियम का भ्रमण किया है, जिससे छात्रों एवं आम जनता में वैज्ञानिक चेतना के साथ-साथ भूविज्ञान के प्रति रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम में जीवाजी विज्ञान महाविद्यालय एवं जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। विभागीय अधिकारियों द्वारा GSI की 175 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा, भूविज्ञान संग्रहालय के विकास तथा मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण भू-विरासत स्थलों की जानकारी साझा की गई।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में भूविज्ञान, पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में करियर निर्माण के प्रति रुचि जागृत करना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सशक्त बनाना रहा।

जियो साइंस म्यूजियम ग्वालियर आज न केवल ज्ञान का केंद्र है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान से जोड़ने की एक प्रेरणादायक पहल भी है।