February 6, 2026

कॉम्बिंग गश्त में ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने एवं आदतन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन में 13/14 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात्रि ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।

इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर (पूर्व) श्रीमती विदिता डागर (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर (पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर (रापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर (रापुसे) सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने थाना बल के साथ शामिल रहे।

कॉम्बिंग गश्त से पूर्व अनुभागवार पुलिस बल को एकत्र कर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा ब्रीफिंग दी गई, जिसके बाद शहर एवं देहात के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल एवं वाहन गश्त के लिए पुलिस दल रवाना हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने स्वयं शहर में गश्त का निरीक्षण कर अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

250 वारंटियों की गिरफ्तारी

कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले में कुल 121 स्थायी वारंट एवं 129 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए कुल 250 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 171 गुण्डा एवं 177 हिस्ट्रीशीटर, कुल 348 बदमाशों की चेकिंग की गई।

अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई

गश्त के दौरान थाना गिरवाई में अवैध शराब के 02 प्रकरण, थाना ग्वालियर में 01 प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं थाना पुरानी छावनी में सट्टा का 01 प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए 02 अन्य कार्यवाहियां भी की गईं।

संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त निगरानी

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों द्वारा फरार बदमाशों, जिला बदर आरोपियों, गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के घर जाकर सत्यापन किया गया। इसके साथ ही बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशालाएं, ढाबे एवं संदिग्ध स्थलों की भी सघन चेकिंग की गई। संदिग्ध वाहनों एवं मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की विशेष जांच की गई।

पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा गुण्डा एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अद्यतन किया गया। जेल से रिहा होकर आए आरोपियों की भी चेकिंग की गई एवं उन्हें भविष्य में आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कॉम्बिंग गश्त एवं सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।