February 6, 2026

संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने की पशु चिकित्सा विभाग की योजनाओं की समीक्षा

ग्वालियर। ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री मनोज खत्री द्वारा गुरुवार को पशु चिकित्सा विभाग की चल रही विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग सहित संभाग के सभी जिलों के उप संचालक और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आयुक्त श्री खत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्य अनुरूप और प्रभावी होना चाहिए। चलित पशु उपचार इकाई की समीक्षा के दौरान उन्होंने गुना जिले के उप संचालक को संतोषजनक कार्य न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

✔ मुख्य निर्देश

गौवंश के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

चलित पशु उपचार वाहनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि पशु पालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इकाइयों की कार्यप्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

जिन योजनाओं में बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाता है, उनमें लक्ष्य से दोगुना अधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों को भेजे जाएं।

बैंकों से समन्वय स्थापित कर सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

✔ जिन योजनाओं की समीक्षा की गई

राष्ट्रीय पशु धन मिशन

पशुपालकों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड

स्वावलंबी गौशाला योजना

आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना

डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना

✔ गौशालाओं के संचालन पर विशेष ध्यान

आयुक्त श्री खत्री ने संभाग में निर्मित गौशालाओं के बेहतर संचालन के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी जिला अधिकारी अपने जिले की गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करें और उनके सुचारू संचालन को सुनिश्चित करें।