ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध कमलाराजा अस्पताल (केआरएच) के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्रथम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट्स के लिए एक गरिमामय स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागत डॉक्टरों को विभागीय कार्यप्रणाली से अवगत कराना और उनके भीतर मरीजों के प्रति संवेदनशील सेवा भाव विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़, जेएएच समूह के संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना तथा विभागाध्यक्ष डॉ. वृंदा जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
डीन डॉ. धाकड़ ने नवागत रेजिडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सभी डॉक्टर समर्पण और मेहनत के साथ अध्ययन करें तथा संस्थान का नाम गौरवान्वित करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे सीधे उनसे संवाद कर सकते हैं, क्योंकि अधिष्ठाता के रूप में वे उनके “फर्स्ट गार्जियन” हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. वृंदा जोशी ने अपने संबोधन में चिकित्सा सेवा को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम बताया। उन्होंने विशेष रूप से मातृ स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि मातृ मृत्यु दर को कम करने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों ने जूनियर रेजिडेंट्स को विभागीय प्रक्रियाओं के साथ-साथ जननी सुरक्षा योजना, लक्ष्य कार्यक्रम और सीएम हेल्पलाइन 181 जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी दी।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। अंत में आयोजित संवाद सत्र में सीनियर डॉक्टरों ने जूनियर रेजिडेंट्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
यह स्वागत समारोह नए रेजिडेंट्स के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और उन्हें चिकित्सा सेवा में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया।
More Stories
माधव विधि महाविद्यालय के एनएसएस शिविर के तृतीय दिवस पर जागरूकता रैली व बौद्धिक सत्र आयोजित
रोटरी क्लब ग्वालियर हेरिटेज ने कामकाजी महिला छात्रावास में वाटर प्यूरीफायर का किया लोकार्पण
रोटरी क्लब ग्वालियर हैरिटेज द्वारा जरूरतमंदों को कंबल वितरण