ग्वालियर। शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में न्यास अध्यक्ष एवं कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार की सराहनीय पहल से रविवार को ग्वालियर में बच्चों के लिए एक यादगार आयोजन देखने को मिला। प्रसिद्ध जादूगर दीपक कुमार के रोमांचक जादू शो ने हजारों बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
कटारोताल के सामने स्थित मैदान में आयोजित इस विशेष आयोजन में लगभग 6 हजार बच्चों ने भाग लिया। बच्चों के लिए दिनभर में तीन अलग-अलग शो आयोजित किए गए, जो दोपहर 12 बजे, 3 बजे और सायं 6 बजे शुरू हुए। आयोजन स्थल पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पंडाल में प्रवेश के दौरान
“सतीश मामा जिंदाबाद”, “सतीश चाचा जिंदाबाद”, “सतीश भैया जिंदाबाद”
जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने जादूगर दीपक कुमार को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। बच्चों के लिए स्वल्पहार एवं पानी की बोतल की व्यवस्था की गई थी, वहीं उन्हें लाने-ले जाने के लिए बसों की समुचित व्यवस्था भी की गई।
जादू शो के दौरान बच्चों की तालियों की गूंज और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रियाओं से पूरा पंडाल जीवंत नजर आया। कई अभिभावक बिना पास के भी अपने बच्चों को शो दिखाने पहुंचे, जिन्हें मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रवेश दिया गया। बच्चों की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक विशेष टीम तैनात रही।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विधायक डॉ. सतीश सिकरवार स्वयं बच्चों के बीच बैठकर शो का आनंद लेते नजर आए और कार्यक्रम समाप्त होने तक बच्चों की सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी।
बच्चों के मनोरंजन से जुड़ी इस पहल को आगे बढ़ाते हुए 26 जनवरी (सोमवार) को भी इसी स्थल पर तीन और जादू शो आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान भी बस, स्वल्पहार, पानी एवं सुरक्षा की पूरी व्यवस्था रहेगी।
बच्चों की खुशियों में ही समाज का उज्ज्वल भविष्य छिपा है। डॉ. सतीश सिकरवार की यह पहल सामाजिक सरोकार और संवेदनशील नेतृत्व का सशक्त उदाहरण है।
More Stories
मेले में संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ