February 6, 2026

महिला योग शक्ति दिवस में 23 महिलाओ का हुआ सम्मान

 

ग्वालियर। भारतीय योग संस्थान’ की मध्यप्रदेश इकाई ने ग्रेटर ग्वालियर की 500 महिलाओ को ऑर्किड टावर में एकत्र कर पूरे हर्षोल्लास के साथ महिला योग शक्ति दिवस मनाया। इस अवसर पर 23 महिला कार्यकर्ताओं को उनके द्वारा किये गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्यअतिथि के.आर. जी कॉलेज की प्राचार्य डॉ साधना श्रीवास्तव ने कहा कि योग संस्थान बहुत ही अच्छा कार्य कर रहा है महिला शक्ति का कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सम्मिलित होने की सराहना करते हुए कहा अब शीघ्र ही के आर जी कॉलेज के महिला छात्रावास में संस्थान के सहयोग से निःशुल्क योग साधना केन्द्र संचालित किया जाएगा।

भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय प्रधान वा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री लक्ष्मण सिंह परिहार ने अपने सम्बोधन में कहा कि नारी शक्ति महान है एवं संस्थान में इनकी बड़ी भूमिका है उन्होंने नारी शक्ति का आवाहन करते हुए कहा कि आप बस निष्काम सेवा करते रहिये संस्थान सदैव आपको सम्मान करने के लिए तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि संस्थान हर वर्ष इसी प्रकार कम से कम 21 महिला शक्ति को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान ने ग्वालियर में 1991 में एक केन्द्र खोलकर अपनी यात्रा प्रारंभ की थी और आज 90 से अधिक निःशुल्क केन्द्रों के माध्यम से हर घर योग पहुचाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन जिला संगठन मंत्री रेखा गुप्ता ने किया, इस अवसर पर समाज सेवी पारस जैन एवं नरेश खंडेलवाल जी को उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। साधकों ने बहुत सुन्दर साँस्कृतिक कार्यक्रम एवं योग पर अपने विचार प्रस्तुत किए, प्रियासी गुप्ता ने मधुर भजन सुनाकर खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम के अंत में सविता गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।

आज कार्यक्रम में प्रांतीय अधिकारी महेश अग्रवाल, बाल किशन अग्रवाल, रमेश अगीचा , एस के गुप्ता, वीना कुशवाह मंचासीन रहेl एवं ग्वालियर के समस्त जिला प्रधान पवन गुप्ता,दिनेश शर्मा,अनन्त सरकार,अरविंद बाजपाई,राजेन्द्र धनोलिया,रामअवतार वर्मा,के एन राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।