February 6, 2026

नगर निगम परिषद की बैठक में लिये गये अनेक महत्वपूर्ण निर्णय

 

विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद बैठक 8 जनवरी तक स्थगित

ग्वालियर। सभापति मनोज तोमर की अध्यक्षता में आज नगर निगम परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिये गये। चर्चा अधूरी रहने के कारण परिषद की बैठक को 08 जनवरी 2026, दोपहर 03 बजे तक के लिये स्थगित कर दिया गया।

पार्षदों के प्रश्नों पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक के दौरान पार्षदों द्वारा लगाए गए प्रश्नों के उत्तरों पर चर्चा की गई। कई पार्षद उत्तरों से संतुष्ट नहीं दिखे। इस पर सभापति मनोज तोमर ने निगमायुक्त संघ प्रिय को निर्देशित किया कि पार्षदों के प्रश्नों के विस्तृत व तथ्यात्मक उत्तर प्रस्तुत किए जाएं।

इसके साथ ही गौशाला के रखरखाव पर होने वाले व्यय की भी विस्तृत जानकारी परिषद के समक्ष रखने के निर्देश दिए गए।

राज्य शासन से आए अधिकारियों को मूल विभाग भेजने का निर्णय

बैठक में पार्षदों द्वारा सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि राज्य शासन की ओर से निगम में पदस्थ दो अधिकारियों को उनके मूल विभाग में वापस भेजा जाए।

एजेंडा बिंदुओं पर सर्वसम्मति

बैठक के एजेंडे की शुरुआत में बिंदु क्रमांक 01 की सर्वसम्मति से पुष्टि की गई।

इसके पश्चात बिंदु क्रमांक 02—वित्तीय वर्ष 2025-26 में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुल्क/उपभोक्ता प्रभार/गार्बेज शुल्क के युक्तियुक्तकरण से संबंधित निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा की गई।

चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने निर्देश दिए कि नेता प्रतिपक्ष एवं अन्य पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों को सम्मिलित करते हुए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृत किया जाए।

श्री कृष्णराव दीक्षित बने विधायक प्रतिनिधि

नगर निगम परिषद की बैठक में ग्वालियर विधानसभा के विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा पूर्व नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित को अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। दीक्षित की नियुक्ति पर सदन के सभी सदस्यों ने पुष्पहार पहनाकर उनका स्वागत किया।