February 6, 2026

नगर निगम ने अवैध होर्डिंग, बोर्ड व फ्लेक्स लगाने वालों पर कसा शिकंजा

ग्वालियर।  बिना अनुमति एवं अवैध रूप से होर्डिंग, बोर्ड एवं फ्लेक्स लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आज अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव के नेतृत्व में होर्डिंग शाखा एवं मदाखलत अमले ने पिंटो पार्क से गोले का मंदिर तक अभियान चलाकर कडी कार्रवाई की तथा दुकान के बाहर रोड पर बोर्ड, फ्लैक्स अन्य सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त कराया।

नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशन में आज गुरुवार को अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव द्वारा अवैध रूप से एवं बिना अनुमति होर्डिंग, बोर्ड एवं फ्लेक्स लगाकर विज्ञापन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अभियान के तहत आज पिंटो पार्क तिराहे से गोले के मंदिर की ओर आने वाले रास्ते पर बडी दुकानों जिनके द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक बडे बोर्ड लगाये गए हैं। उनको जुर्माने के नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई तथा दुकान के बाहर बोर्ड एवं अन्य सामग्री रखकर सड़क अवरूद्ध करने वालों के खिलाफ भी कडी कार्रवाई की गई। सभी का सामान जब्त कर मदाखलत कार्यालय भिजवाया गया एवं सभी दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि उनके द्वारा पुनः अतिक्रमण किया जाता है। तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जावेगी। कार्रवाई के दौरान नोडल अधिकारी होर्डिंग श्री अनिल चौहान, मदाखलत अधिकारी श्री सत्येन्द्र भदौरिया, होर्डिंग शाखा से कार्यालय अधीक्षक श्री शिवहरी शर्मा, श्री अमित राजावत, मदाखलत निरीक्षक सहित पूरा अमला उपस्थित रहा।

इसके साथ ही मदाखलत अधिकारी श्री रवि कुमार कोरी के निर्देशन में दक्षिण विधानसभा अंतर्गत महाराज बाड़ा स्थित सुभाष मार्केट, टाउन हॉल, टोपी बाजार, नजरबाग मार्केट, छापाखना एवं गाँधी मार्केट पर यातायात में अवरुद्ध हाथ ठेले एवं फुटपथियों को हटाया जाकर सामान जप्ती की कार्रवाई की गई। साथ ही हाथ ठेला एवं फुटपाथ संचालको को सख्त हिदायत दी मुख्य मार्गो पर ठेला फड़ आदि लगा कर किसी प्रकार का अतिक्रमण न किया जावे अन्यथा मदाखलत विभाग द्वारा सामान जप्त कर जुर्माने की कार्यवाही की जावेगी। उक्त कार्यवाही में मदाखलत निरीक्षक श्री विशाल जाटव एवं दल दक्षिण विधानसभा उपस्थित रहा।