February 6, 2026

मेला : सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो, प्लॉटों की मार्किंग कर ठेले-फड़वालों को भेजें हॉकर्स जोन में

ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन को लेकर मेला व्यापारी संघ ने आज संभागायुक्त को मेला सचिव के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मेला परिसर की सुरक्षा, अव्यवस्था, अवैध ठेले-फड़, प्लॉटों की स्पष्ट मार्किंग तथा पारंपरिक मनोरंजन साधनों पर लगी पाबंदियों को लेकर गंभीर समस्याएं उठाई गईं।

मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री महेन्द्र भदकारिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा व्यापारियों की सुविधाओं एवं मेला व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई संवेदनशील मामलों में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिससे व्यापारियों एवं सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता

व्यापारियों ने बताया कि मेला प्रारंभ हुए पांच दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक सभी सेक्टरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई है। मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में पुलिस की मौजूदगी न होने से दुकानदारों, कर्मचारियों एवं सैलानियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। संघ ने प्रत्येक सेक्टर में पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।

अवैध ठेलों से यातायात बाधित

ज्ञापन में विशेष रूप से झूला एवं मनोरंजन सेक्टर में अवैध ठेलों एवं फड़वालों द्वारा सड़कों पर कब्जा किए जाने का उल्लेख किया गया। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है तथा आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है। संघ ने इन ठेलों को तत्काल हटाकर निर्धारित हॉकर्स जोन में भेजने की मांग की।

प्लॉटों की स्पष्ट मार्किंग की मांग

व्यापारियों ने मेला प्राधिकरण द्वारा प्लॉटों एवं खुली भूमि की स्पष्ट मार्किंग न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। मार्किंग के अभाव में दुकानदार सुरक्षा की दृष्टि से बेरीकेडिंग नहीं कर पा रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो रही है। संघ ने प्लॉटों एवं खुली भूमि की तत्काल मार्किंग कर बेरीकेडिंग की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

बैलून गन शॉट पर पाबंदी पर आपत्ति

मेला व्यापारी संघ ने पारंपरिक बैलून गन शॉट स्टॉल पर लगाए गए प्रतिबंध पर भी असहमति जताई। व्यापारियों का कहना है कि यह खेल पिछले 50 वर्षों से मेला का अभिन्न हिस्सा रहा है और बच्चों में इसका विशेष आकर्षण है। सुरक्षित उपकरणों के बावजूद पहली बार इस पर रोक लगाए जाने से सैलानियों, विशेषकर बच्चों में निराशा है। संघ ने इस प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग की।

तत्काल कार्रवाई की मांग

मेला व्यापारी संघ ने संभागायुक्त से अनुरोध किया कि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर मेला प्राधिकरण के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए जाएं। इसी आशय का ज्ञापन मेला प्रभारी एसडीएम श्री अतुल सिंह को भी सौंपा गया।

ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल

इस अवसर पर अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी, संयोजक उमेश उप्पल, सह अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष अनुज गुर्जर, हरिकांत समाधिया (पूर्व अध्यक्ष, ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन), विजय कब्जू सहित अनेक व्यापारी नेता उपस्थित रहे।