February 6, 2026

मेला व्यापारी संघ ने संभागायुक्त से की माँग: ग्वालियर मेला का शुभारंभ करें अमित शाह

ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल एवं संयुक्त अध्यक्ष, प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने आज मेला प्राधिकरण मुख्यालय में संभागायुक्त मनोज खत्री से मुलाकात कर उनसे आग्रह किया कि चूंकि 25 दिसंबर को भारत सरकार के गृह मंत्री श्री अमित शाह ग्वालियर पधार रहे हैं और इस सुअवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय संचार मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर का भी ग्वालियर आगमन हो रहा है, लिहाजा करीब सवासौ वर्ष की शानदार विरासत रखने वाले ग्वालियर व्यापार मेला का शुभारंभ इन्हीं अतिविशिष्ट महानुभावों के करकमलों से ही कराया जाए।

मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने संभागायुक्त महोदय से कहा कि शासन द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेला की शुभारंभ तिथि 25 दिसंबर निर्धारित है और यह सुखद संयोग की बात है कि इसी दिन केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. यादव, श्रीमंत सिंधिया एवं नरेन्द्र सिंह का ग्वालियर शुभागमन हो रहा है। लिहाजा ग्वालियर व्यापार मेला के भव्य एवं औपचारिक शुभारंभ समारोह के लिए इससे अधिक सुखद अवसर दूसरा नहीं हो सकता है। इसलिए उक्त सुखद संयोग का लाभ उठाते हुए ग्वालियर मेला का शुभारंभ ग्वालियर के अतिथि बन रहे उक्त विशिष्टजनों के करकमलों से ही संपन्न कराया जाए। मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस तरह विगत वर्ष ग्वालियर मेला का शुभारंभ एवं समापन समारोह तत्कालीन राजनीतिक कारणों के चलते नहीं हो सका था। उक्त प्रतिकूल स्थितियों का इस वर्ष के मेले में दोहराव रोकने के लिए प्रत्येक स्थिति में 25 दिसंबर को ही मेला का शुभारंभ समारोह आयोजित किया जाए।

ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल एवं संयुक्त अध्यक्ष, प्रवक्ता अनिल पुनियानी सहित सभी पदाधिकारियों ने समस्त आवंटनधारी दुकानदारों, व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे अपनी दुकानों की साज सज्जा का कार्य तत्काल शुरू कर दें और मेला की निर्धारित शुभारंभ तिथि 25 दिसंबर तक इसे पूर्ण कर अपनी दुकानें, शोरूम और स्टॉल प्रारंभ कर दें ताकि पूर्वनिर्धारित तिथि पर ही मेला विधिवत प्रारंभ हो सके एवं विगत वर्षों की भांति मेला के विलंब से आरंभ होने की परिस्थितियां निर्मित न हों।

मेला प्राधिकरण मुख्यालय में आज संभागायुक्त महोदय से मुलाकात करने वाले पदाधिकारी एवं व्यापारियों में मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष, प्रवक्ता अनिल पुनियानी, संयोजक उमेश उप्पल, जगदीश उपाध्याय सह अध्यक्ष, अनुज गुर्जर कार्य. अध्यक्ष, हरिकांत समाधिया, संतोष उपाध्याय ऑटोमोबाइल सेक्टर, विजय कब्जू आदि प्रमुख थे।