February 6, 2026

ग्वालियर पुलिस ने बीएसएफ टेकनपुर के प्रशिक्षु अधिकारियों को दी आधुनिक पुलिसिंग की जानकारी

 

ग्वालियर। बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में प्रशिक्षणरत सहायक सेनानियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। 19 दिसंबर 2025 को प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर बीएसएफ अकादमी टेकनपुर के सीधी भर्ती के 71 प्रशिक्षु सहायक सेनानियों द्वारा ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों का भ्रमण कर थानों की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीयन, विवेचना एवं कानून व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

आज दिनांक 20 दिसंबर 2025 को कार्यशाला के द्वितीय दिवस पर पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में प्रशिक्षु सहायक सेनानियों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा प्रशिक्षुओं को पुलिस कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाये रखने की चुनौतियों एवं पुलिस और आमजन के मध्य समन्वय की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने प्रशिक्षुओं का परिचय प्राप्त कर उनसे बातचीत की तथा थाना भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभव भी साझा किए।कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(पूर्व)  विदिता डागर(भापुसे) द्वारा किया गया, उन्होंने प्रशिक्षण के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर बीएसएफ अकादमी टेकनपुर के सहायक कमांडेंट श्री पवन एवं अकादमी के अधिकारीगण व रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु सहायक सेनानियों को कंट्रोल रूम, साइबर सेल, सीसीटीवी रूम एवं पुलिस लाइन ग्वालियर का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें वास्तविक समय की निगरानी प्रणाली, त्वरित पुलिस रिस्पांस, साइबर अपराध नियंत्रण एवं अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना संबंधी प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षुओं ने पुलिस व्यवस्था के विभिन्न आयामों के बारे में जानकारी प्राप्त कर अपने अनुभव भी साझा किए।

इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्देश्य प्रशिक्षु सहायक सेनानियों को पुलिस प्रणाली, कानून व्यवस्था प्रबंधन एवं आधुनिक तकनीक पुलिसिंग के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा, ताकि वह भविष्य में राष्ट्र और समाज की सेवा अधिक दक्षता एवं कुशलता के साथ कर सकें।