March 26, 2026

45, 35 या 25 दिन में मिलेगा गैस सिलेंडर? सरकार ने बताया सच

सोशल मीडिया के दावों पर केंद्र का खंडन, एलपीजी रिफिल बुकिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं

नई दिल्ली। एलपीजी सिलेंडर रिफिल को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे 45, 35 और 25 दिनों की समय-सीमा वाले दावों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि रिफिल बुकिंग के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि कुछ खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट में एलपीजी रिफिल बुकिंग की समय-सीमा बदले जाने का दावा किया जा रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक है। वर्तमान व्यवस्था पहले की तरह ही लागू है और इसमें कोई संशोधन नहीं हुआ है।

क्या किया जा रहा था दावा

सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए 45 दिन

नॉन-उज्ज्वला सिंगल सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन

नॉन-उज्ज्वला डबल सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए 35 दिन की नई समय-सीमा तय की गई है। सरकार ने इन सभी दावों को निराधार बताया है।

ईंधन संकट की अटकलों के बीच फैली अफवाहें

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईंधन आपूर्ति को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता जताई जा रही है। इसी माहौल में देश में कालाबाजारी और जमाखोरी की आशंका के बीच ऐसी भ्रामक खबरें फैलनी शुरू हुईं, जिन पर सरकार ने तुरंत सफाई दी है।

क्या है प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना

यह योजना वर्ष 2016 में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत देशभर में करोड़ों महिलाओं को गैस सिलेंडर की सुविधा मिल चुकी है।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।