February 6, 2026

एलीवेटेड रोड निर्माण को मिली गति, महलगांव में तीन पिलरों का कार्य पुनः शुरू

ग्वालियर। एलीवेटेड रोड निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अभियान के रूप में कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एलीवेटेड रोड के प्रथम चरण के अंतर्गत मौजा महलगांव में लंबे समय से रुके तीन पिलरों का निर्माण कार्य पुनः शुरू करा दिया गया है।

कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदारों को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अतिक्रमण एवं अन्य कारणों से निर्माण में उत्पन्न सभी बाधाओं को प्राथमिकता से हटाया जाए। इन निर्देशों के परिपालन में राजस्व विभाग की टीमें प्रतिदिन मौके पर कार्रवाई कर रही हैं।

एसडीएम अतुल सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू कराया। एसडीएम सिंह ने बताया कि मौजा महलगांव क्षेत्र में पिलर क्रमांक 208 से 212 तक कुल पाँच पिलरों का कार्य विभिन्न कारणों से रुका हुआ था। इनमें से पिलर क्रमांक 208, 209 एवं 212 का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पिलर क्रमांक 210 एवं 211 के निर्माण स्थल से संबंधित भूमि पर अतिक्रमण हटाने हेतु विधिक प्रक्रिया प्रचलन में है, जिसे शीघ्र पूर्ण कर इन पिलरों का कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा।

रविवार को मौके पर पहुँची टीम में तहसीलदार कुलदीप दुबे, नायब तहसीलदार शिवदत्त कटारे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।