ग्वालियर। “मिले सुर मेरा तुम्हारा” ग्रुप द्वारा महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफी की स्मृति में “एक शाम रफी के नाम” संगीत संध्या का भव्य आयोजन सेवा नगर रोड स्थित एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद पूरा माहौल सुरों और भावनाओं से सराबोर हो गया।

संगीत संध्या में एक के बाद एक गायकों ने मंच संभाला और मोहम्मद रफी साहब के सदाबहार गीतों को अपनी-अपनी मधुर आवाज़ में प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। रफी साहब के नगमों पर श्रोता झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से होटल का पूरा हॉल गूंज उठा।

इस अवसर पर मिले सुर मेरा तुम्हारा ग्रुप की एडमिन आरती योगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ग्रुप कोरोना काल के दौरान शुरू किया गया था, जब लोग अपने-अपने घरों तक सीमित थे। उस समय व्हाट्सएप के माध्यम से संगीत से जुड़ने की यह पहल की गई, जो आज एक सुंदर परंपरा का रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष मोहम्मद रफी साहब की जयंती के अवसर पर यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम में करीब 40 गायकों ने भाग लिया और रफी साहब के एक से बढ़कर एक अमर गीत प्रस्तुत किए। संगीत प्रेमियों के लिए यह संध्या यादगार बन गई, जहां सुर, श्रद्धा और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला।
More Stories
रोटरी क्लब ग्वालियर हेरिटेज ने कामकाजी महिला छात्रावास में वाटर प्यूरीफायर का किया लोकार्पण
रोटरी क्लब ग्वालियर हैरिटेज द्वारा जरूरतमंदों को कंबल वितरण
रोटरी हैरिटेज क्लब का नव वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न