ग्वालियर। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक दौलतगंज स्थित बालाबाई के बाजार में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुरानी बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के धुएं में फंसने से अंकिता अग्रवाल नाम की महिला की दम घुटने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
घटना के समय मकान में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे। लोगों की चीख-पुकार और मदद की गुहार सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर सका।
बताया जा रहा है कि यह मकान लकड़ी और फर्नीचर कारोबारी कुंज बिहारी लाल एंड संस का है। मकान के नीचे व्यवसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं, जबकि ऊपर तीन भाइयों का परिवार रहता है। प्रारंभिक चर्चा है कि एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने से आग लगी, जिसके बाद मकान में मौजूद गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव, नगर निगम कमिश्नर संघ प्रिय और स्थानीय विधायक सतीश सिकरवार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव के लिए (SDRF) की टीम भी तुरंत सक्रिय हुई।
मकान के अंदर दो बच्चों समेत कुछ लोग फंसे हुए थे, जिन्हें SDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि धुएं के कारण अंकिता अग्रवाल को बचाया नहीं जा सका।
रात करीब नौ बजे तक आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को घंटों संघर्ष करना पड़ा। व्यस्त बाजार और संकरी गलियों के कारण दमकल और राहत दल को रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। आग बुझाने के लिए नगर निगम की फायर ब्रिगेड के साथ-साथ बीएसएफ और सेना के दमकल वाहनों की भी मदद ली गई।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जहां एक ओर परिवार ने अपनों को खोने का दुख झेला, वहीं स्थानीय लोग भी देर रात तक मौके पर खड़े होकर राहत कार्य को देखते रहे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
More Stories
सिविल हॉस्पिटल हजीरा में शुरू हुआ एचपीवी टीकाकरण
जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न
विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में जनसंपर्क विभाग को प्रथम मैच में विजय