March 23, 2026

मानवता की मिसाल: “फूड फॉर नीडी” संस्था का 7वां स्थापना दिवस रक्तदान के साथ हुआ सफल

ग्वालियर। सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को साकार करते हुए फूड फॉर नीडी संस्था ने अपने 7वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस पुनीत अवसर पर करीब 40 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

संस्था द्वारा वर्ष भर इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो न केवल जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में मदद करते हैं बल्कि समाज में जागरूकता भी फैलाते हैं। संस्था के सदस्य जय संचेती ने जानकारी देते हुए बताया कि कोविड काल से निरंतर रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय यह संस्था अब तक 5000 से अधिक लोगों को रक्त उपलब्ध करा चुकी है। यह उपलब्धि संस्था की प्रतिबद्धता और सेवा भावना को दर्शाती है। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव नवल शुक्ला ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि –

“रक्तदान महादान है, और नवरात्रि जैसे पावन पर्व में इससे श्रेष्ठ दान कोई नहीं हो सकता।”

उन्होंने सभी रक्तदाताओं और संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। फूड फॉर नीडी संस्था द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणा है, जो दिखाता है कि छोटी-छोटी पहल भी बड़े बदलाव ला सकती है।