February 24, 2026

ग्वालियर: सिंधिया राजपरिवार के विष्णू मंदिर में चोरी, चांदी के बर्तन और मूर्ति गायब

ग्वालियर। ग्वालियर में सिंधिया राजपरिवार के छत्री परिसर स्थित विष्णू मंदिर से कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना का पता उस समय चला जब मंदिर के पुजारी सुबह पट खोलने पहुंचे। शाही परिसर में चोरी की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। राजपरिवार के सदस्यों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक शातिर चोर मंदिर से भगवान की पूजा-भोग में उपयोग होने वाले चांदी के बर्तन, पूजन सामग्री और अन्य वस्तुएं लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस ने शुरुआती तौर पर लगभग 30 हजार रुपये का आंकलन किया है।

दरअसल, जयविलास पैलेस के सामने कटोरा ताल के पास सिंधिया राजवंश की छत्रियां स्थित हैं, जहां राजपरिवार के सदस्यों का अंतिम संस्कार भी होता है। छत्री परिसर में प्रवेश करते ही विष्णू मंदिर बना हुआ है और चोरी की वारदात इसी मंदिर में हुई।

बताया गया है कि रात में पूजा-अर्चना के बाद पुजारी मंदिर के पट बंद कर चले गए थे। सुबह जब पट खोले गए तो भगवान के पूजन-भोग के बर्तन, एक चांदी की मूर्ति और अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद मंदिर की देखरेख करने वाले अमर सिंह परिहार की रिपोर्ट पर झांसी रोड थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।

सीएसपी मनीष यादव के अनुसार, चोरों की पहचान के लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।