February 6, 2026

ग्वालियर व्यापार मेले को बड़ी सौगात: ऑटोमोबाइल बिक्री पर रोड टैक्स में 50% छूट

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को भोपाल में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में ग्वालियर व्यापार मेला-2026 एवं उज्जैन विक्रमोत्सव व्यापार मेला-2026 के दौरान ऑटोमोबाइल वाहनों की बिक्री पर मोटरयान कर (रोड टैक्स) में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान किए जाने की स्वीकृति दी गई।

मंत्रिपरिषद के इस निर्णय से ग्वालियर व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। इस निर्णय से ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेशभर के उपभोक्ताओं, व्यापारियों एवं उद्योग जगत को सीधा लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ग्वालियर व्यापार मेले में वाहनों की बिक्री पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दिए जाने पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री के प्रति ग्वालियरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। मंत्री द्वय ने भोपाल में मुख्यमंत्री से भेंट कर इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इस निर्णय से ग्वालियर व्यापार मेले में व्यापार को नई गति मिलेगी तथा इससे न केवल स्थानीय व्यापारियों बल्कि प्रदेश के आम नागरिकों को भी लाभ होगा। उन्होंने इसे ग्वालियर व्यापार मेले के इतिहास में एक महत्वपूर्ण निर्णय बताया।