March 23, 2026

सांसद कुशवाह ने किया सचिन तेंदुलकर मार्ग का उन्नयनीकरण कार्य का भूमिपूजन

ग्वालियर। ग्वालियर शहर में विकास की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह ने आज सचिन तेंदुलकर मार्ग के उन्नयन कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। यह महत्वपूर्ण परियोजना स्मार्ट सिटी योजना के तहत करीब 7.13 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, उपसभापति गिर्राज कंषाना, पार्षद केदार सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विकास की नई दिशा-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर में लगातार बड़े-बड़े विकास कार्य मूर्त रूप ले रहे हैं और इस गति को आगे भी बनाए रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क शहर और ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ने वाली एक अहम कड़ी है, जिससे हजारों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

समय से पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य-

विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से ग्वालियर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी के सहयोग से कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा किया जाएगा।

नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर ने भी इस परियोजना को शहर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मार्ग शहर को हाईवे से जोड़ता है और इसके उन्नयन से विकास को और गति मिलेगी।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं-

कुल लागत: ₹7.13 करोड़

कुल लंबाई: 2460 मीटर

सड़क चौड़ाई: डिवाइडर के दोनों ओर 9-9 मीटर

जल निकासी के लिए विशेष पाइपलाइन व्यवस्था

जलभराव क्षेत्र में 230 मीटर सीमेंट कंक्रीट सड़क

शेष मार्ग का डामरीकरण

चाणक्यपुरी नाला एवं मुरार नदी से जुड़ी निकासी व्यवस्था

स्मार्ट सिटी के अधीक्षण यंत्री श्री सुबोध खरे ने बताया कि परियोजना की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद कुशवाह एवं अन्य अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहे।