February 6, 2026

अतिक्रमण हटाओ अभियान: मदाखलत अमले ने किया सामान जब्त

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देश पर शहर में सुगम यातायात और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को निगम उपायुक्त श्री सत्यपाल सिंह चौहान और मदाखलत अधिकारी श्री रवि कुमार कोरी के नेतृत्व में निगम का मदाखलत अमला मैदान में उतरा।

अभियान के दौरान

महाराज बाड़ा स्थित सुभाष मार्केट, टाउन हॉल क्षेत्र, टोपी बाजार, नज़रबाग मार्केट में मुख्य मार्ग और फुटपाथ पर यातायात अवरुद्ध कर रहे हाथ-ठेलों व फुटपाथियों को हटाया गया। अवैध रूप से लगाए गए ठेलों का सामान जब्त किया गया और दुकानों के बाहर रखा माल अंदर करवाकर मार्ग को खाली कराया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह सुचारू हुआ।

अभियान में मदाखलत निरीक्षक श्री विशाल जाटव सहित निगम का पूरा अमला मौजूद रहा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और आमजन की सुविधा में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।