October 26, 2025

ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने फिर पकड़ा रिश्वतखोर कर्मचारी

 

 

मुरैना। ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने आज लगातार दूसरे दिन रिश्वतखोर कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़ा है। जनपद पंचायत पोरसा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 सतीश गोले को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने ट्रैप किया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन लाल शर्मा ने जानकारी दी कि सेवा निवृत्त लेखाधिकारी तेजनारायण सिंह, निवासी भिंड ने शिकायत की थी कि उनकी अर्जित अवकाश राशि ₹8,83,000 निकालने के लिए कर्मचारी सतीश गोले ₹20,000 रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की ट्रैप टीम ने योजना बनाई। जैसे ही शिकायतकर्ता ने जनपद पंचायत पोरसा कार्यालय में सतीश गोले को रिश्वत की राशि सौंपी, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ट्रैप दल में शामिल अधिकारी: डीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, निरीक्षक नरेश बेहरा, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र पवैया, हेमंत शर्मा, जसवंत शर्मा, संजय शुक्ला, बलवीर सिंह, आरक्षक प्रमोद तोमर, अंकेश शर्मा, विनोद शाक्य और विशंभर भदौरिया। लोकायुक्त पुलिस की इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मचा हुआ है।