ग्वालियर। सम्राट तानसेन की नगरी ग्वालियर में रविवार की शाम संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई। शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़े पर पाखी इवेंट एंड म्यूजिकल ग्रुप द्वारा आयोजित भव्य ‘वॉलीवुड नाइट’ में सुरों का ऐसा समां बंधा कि श्रोता देर रात तक मंत्रमुग्ध रहे। शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चले इस संगीतमय कार्यक्रम में 18 गायकों ने नॉनस्टॉप प्रस्तुति देकर नए और पुराने फिल्मी गीतों से संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में ग्वालियर के शौकिया व प्रतिभाशाली कलाकारों ने बॉलीवुड के दिग्गज गायकों के सदाबहार गीतों को अपनी आवाज दी। कार्यक्रम की शुरुआत मंजू अग्रवाल ने लता मंगेशकर के गीत से की। इसके बाद हरीश बत्रा ने मुकेश, बबलू भोंसले ने बप्पी लहरी, आश्विन शिरडॉनकर ने कुमार शानू, रजनीश श्रीवास्तव ने अल्ताफ राजा तथा दीपक चौबे ने यशु दास के गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों ने दर्शकों की फरमाइश पर गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में सुनील जैन ने किशोर कुमार के गीतों से श्रोताओं को भावविभोर किया, अमिता गवालेहरकर ओर शिवानी डिंगरे ने मिक्स गीतों की प्रस्तुति दी,कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सबसे छोटे गायक मास्टर अर्श जैन रहे, जिनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. केशव पांडे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप गर्ग, समाजसेवी बालखांडे एवं भीनी सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर पाखी इवेंट एंड म्यूजिकल ग्रुप के सदस्य रोहित जैसवार, चेतन शर्मा, सरोज जैन, रेखा जैन, प्रभात कृष्ण शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कुशल जैन ने किया।

कार्यक्रम के डायरेक्टर सुनील जैन ने कहा कि संगीत इंसान की मूल जरूरत है। संगीत तनाव दूर करने का सशक्त माध्यम है और कई स्थानों पर रागों के माध्यम से गंभीर बीमारियों का उपचार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगीत सम्राट तानसेन की नगरी ग्वालियर में इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए,आने वाले समय मे हमारा ग्रुप शहर वासियों को शॉर्ट फिल्मों के डायरेक्टर मुकेश भदकारिया के साथ शॉर्ट फिल्मों की सौगात भी देगा
महाराज बाड़े स्थित विक्टोरिया मार्केट के बाहर आयोजित यह संगीतमय संध्या शहरवासियों के लिए नए वर्ष के स्वागत से पूर्व एक यादगार सौगात बनकर रही।
More Stories
ग्वालियर व्यापार मेला में कथक डांस वर्कशॉप बच्चों में दिखा जबरदस्त उत्साह
वाद्य सुरों और नृत्य की लय में झलका आनंद उत्सव, दीपदान से गूंजी रामभक्ति की भावना
संगीत की नगरी ग्वालियर में शुरू हुई 101वें तानसेन समारोह की तैयारियाँ