October 26, 2025

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने लिया निर्माणाधीन “अटल स्मारक” का जायजा

गुणवत्ता व पूरी भव्यता के साथ जल्द से जल्द स्मारक का काम पूर्ण कराने के दिए निर्देश                                                                          ग्वालियर, 03 अक्टूबर 2025।
शहर की सुरम्य सिरोल पहाड़ी पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में भव्य “अटल स्मारक” का निर्माण तेजी से आकार ले रहा है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को निर्माणाधीन अटल स्मारक का जायजा लिया। उन्होंने कार्य एजेंसी को निर्देश दिए कि स्मारक का निर्माण गुणवत्ता और पूर्ण भव्यता के साथ समय पर पूरा किया जाए। राज्य शासन ने स्मारक के निर्माण हेतु लगभग 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। करीब 10 एकड़ भूमि पर निर्मित हो रहा यह स्मारक अटलजी के जीवन की स्मृतियों को संजोएगा और देश के आध्यात्मिक केन्द्र के रूप में स्थापित होगा। निरीक्षण के दौरान श्री सिंधिया ने कहा – “अटल स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्थल बनेगा, जहाँ लोगों को अटलजी के जीवन और विचारों का जीवंत अनुभव मिलेगा।”

🌱 इस अवसर पर श्री सिंधिया ने स्मारक परिसर में वट वृक्ष का पौधा भी रोपा।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक श्री मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया, श्री मुन्नालाल गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।